देहरादून। उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी रथयात्राओं के सहारे चुनावी वैतरणी पार करने की तैयारी में है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की कार्यक्रम क्रियान्वयन कमेटी की बैठक में आगामी चुनावों को लेकर खासा मंथन हुआ और इस मंथन के बाद यही फैसला हुआ कि राज्य में रथयात्राएं निकाल कर पार्टी अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरती रहेगी।
भाजपा ने कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के लिए अलग अलग यात्राओं की तैयारी की है। खास बात ये है कि ये यात्राएं सभी सत्तर विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करेंगी। इन यात्राओं में भाजपा सूबे की कांग्रेस सरकार पर घोटालों और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए लोगों से वोट की अपील करेगी।
नौ नवंबर से बीजेपी राज्य में सत्ता परिवर्तन रैली की तैयारी भी कर रही है। भाजपा का फोकस पूरी तरह से हरीश रावत पर है। भाजपा की रणनीति भी हरीश रावत को ही केंद्र में रखकर बनाई जा रही है।