सहसपुर में स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया परिसर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही बैंक मुख्य बाजार में होने के चलते समय रहते आग पर काबू पा लिया। आग लगने से बैंक के कुछ कंप्यूटर जल गए। आग लगने से होने वाले नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
बैंक परिसर में आग लगने से मचा हड़कंप
घटना सोमवार रात साढ़े नौ के आसपास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक आसपास के लोगों ने बैंक परिसर से धुंआ उठता देखा। लोगों ने घटना की सूचना सहसपुर थाने में दी। सूचना पाकर थानाध्यक्ष अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।
कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पाकर बैंक कर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे। जानकारी के मुताबिक थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। गनीमत रही कि आग लॉकर रूम तक नहीं पहुंची। इससे पहले ही आग पर काबू पा लिया गया।