अल्मोड़ा: जिले के डुंगरी गांव में गुलदार ने बच्चे पर हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार गांव का युवक विनोद कुमार पशुओं को चुगाने जंगल में गया था। विनोद के साथ गए बच्चे पर गुलदार ने हमला कर दिया। इससे पहले की गुलदार बच्चे को ज्यादा नुकसान पहुंचाता, विनोद ने छलांग लगाकर गुलदार को दूसरी तरफ धकेल दिया। गुलदार ने भागने के बजाय वापस विनोद पर हमला कर दिया, लेकिन विनोद ने हार नहीं मानी और गुलदार को भागने पर मजबूर कर दिया।
गनीमत रही कि बच्चे और युवक पर हमला करने वाला गुलदार ज्यादा बड़ा नहीं था। युवक गुलदार से खुद को भी बचाता रहा और शोर भी करता रहा। इस बीच आसपास के लोगों ने भी शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर गुलदार भाग खड़ा हुआ। गुलदार के साथ संघर्ष में युवक गंभीर घायल हो गया।
घायल युवक और बच्चे को अल्मोड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि जिस युवक ने बहादुरी से छोटे बच्चे की जान बताई, वो वन दारोगा का बेटा है। उसकी बहादुरी की चर्चा खूब हो रही है। वन विभाग पांच हजार रुपये मुआवजे दिया है।