मुजफ्फरनगर : यूपी के मुजफ्फरनगर में बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। घलौली चेकपोस्ट और रोहाना टोल प्लाजा के पास एक रोडवेज बस ने पैदल जा रहे मजदूरों को कुचल दिया। इस हादसे में 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गम्भीर घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुधवार देर रात को मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे-59 पर रोहाना टोल प्लाजा के पास रोडवेज की बस ने पंजाब से लौट रहे श्रमिकों के काफिले को कुचल दिया। वहीं हादसे के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर बस को लेकर फरार हो गया। हादसे में छह मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। बताया गया कि सभी मजदूर पंजाब से पैदल लौट रहे थे। मृतक और घायल मजदूर बिहार प्रांत के जनपद गोपालगंज के बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार हादसा रात में करीब 11:45 बजे घलौली चेकपोस्ट और रोहाना टोल प्लाजा के बीच में हुआ। पंजाब प्रांत में मजदूरी करने वाले श्रमिकों की टोली देर रात को पैदल सहारनपुर से होते हुए मुजफ्फरनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कोई रोडवेज बस उन्हें कुचलते हुए फरार हो गई। शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कपरवान ने बताया कि पिता-पुत्र समेत छह लोगों की मौके पर मौत हो गई।