
देहरादून : मैदानी जिलों में आज कोहरे और शीतलहर का रेड अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी में भी सुबह-शाम कोहरा मुसीबत बनेगा। हालांकि फिलहाल कहीं भी बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला मुसीबत बना रहा, वहीं मैदानी क्षेत्रों में कोहरे ने परेशानी में डाला। मौसम विभाग 31 और 1 जनवरी के लिए बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। अगर मौसम विभाग की भविष्यवाणी सटीक बैठती है, तो नये साल का स्वागत बर्फबारी से होगा।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि मैदानी जिलों में मंगलवार को शीतलहर चलेगी। पर्वतीय जिलों में आंशिक बादल आ सकते हैं। हालांकि फिलहाल कहीं भी बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं हैं। राजधानी में भी सुबह-शाम कोहरा जारी रहेगा।