देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अब तक देशभर में कुल मरीजों की संख्या 147 हो गई है। जबकि देशभर में 5 हजार 700 से अधिक की निगरानी की जा रही है। इनमें 122 भारतीय हैं और 25 विदेशी हैं। 14 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं, वहीं, तीन लोगों की मौत हो चुकी है। सेना में कोरोना का पहला मामला सामने आया है।
सेना का जवान संक्रमित
लद्दाख में तैनात भारतीय सेना का एक जवान कोरोना संक्रमित पाया गया है। जवान के पिता ने ईरान की यात्रा की थी। भारतीय सेना में कोरोना संक्रमण का यह पहला पॉजिटिव मामला पाया गया है। जानकारी के अनुसार लद्दाख स्काउट के 34 वर्षीय जवान के पिता ईरान गए थे और 27 फरवरी को वापस लौटे थे। उसके पिता को 29 फरवरी से अलग रखा गया था और उनकी कोरोना जांच भी पॉजिटिव आई थी।
भाजपा सांसद सुरेश प्रभु
भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ने अपने आवास पर खुद को 14 दिनों के लिए क्वारांटाइन में रख लिया है। उनकी टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है. इसके बावजूद एहतियातन उन्होंने यह कदम उठाया है। वह 10 मार्च को सऊदी अरब में शेरपास बैठक में हिस्सा लेकर लौटे हैं।।
पुणे में एक और संक्रमित
पुणे के जिलाधिकारी नवल किशोर राम ने कहा, पुणे में एक और शख्स कोरोना वायरस की चपेट में पाया गया है। शख्स फ्रांस और नीदरलैंड की यात्रा करके आया है। पुणे में पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 18 और महाराष्ट्र में 42 हो गई है।