जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने एक बार फिर से पुलवामा जैसा हमला किया है। इस हमले में पांच जवान शहीद हो गए। जबकि कई जवान घायल हैं। आतंकी हमले में शहीद होने वाले सभी जवान देवभूमि उत्तराखंड के हैं। इस खबर के बाद से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। आतंकी हमले में 26 साल के आदर्श नेगी भी शहीद हो गए हैं। उनके बलिदान की खबर के बाद से परिवार में मातम पसर गया है।
कठुवा में पुलवामा जैसा आतंकी हमला
कठुआ के बदनोता के बरनूड इलाके में जेंडा नाले के पास सेना के वाहन पर घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में सेना के पांच जवान शहीद हो गए। पांचों जवान उत्तराखंड के गढ़वाल के हैं। जबकि कई जवानों के घायल होने की जानकारी भी मिल रही है। पांच जवानों की शहादत की खबर के बाद से देवभूमि शोक में डूब गई है।
26 साल के आदर्श ने देश के लिए दिया बलिदान
सोमवार को जम्मू-कश्मीर के कठुआ में हुए आतंकी हमले (Kathua Terrorist Attack) में कीर्तिनगर ब्लॉक के थाती डागर निवासी राइफलमैन आदर्श नेगी शहीद हो गए। आदर्श की उम्र मात्र 26 साल थी। इतनी छोटी सी उम्र में ही उन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। खबर मिलने के बाद से ही आदर्श के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
2018 में सेना में भर्ती हुए थे आदर्श
बता दें कि आदर्श साल 2018 में सेना में भर्ती हुए थे। आदर्श के पिता दलबीर सिंह नेगी गांव में ही खेती का काम करते हैं। आदर्श ने 12वीं तक की पढ़ाई राजकीय इंटर कालेज पिपलीधार से की। जिसके बाद वो गढ़वाल विश्वविद्यालय से बीएससी कर रहे थे। बीएससी द्वितीय वर्ष में ही वो साल 2018 में गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हो गए। आदर्श तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे थे।



