उत्तराखंड: लोगों में मचा हड़कंप, सांसद और विधायकों के काट रहे चक्कर, ये है पूरा मामला


लालकुआं: नगला वासियों को अतिक्रमणकारी बताकर हाईकोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन नगला से लेकर ज्वाहर नगर तक स्टेट हाईवे के दोनों तरफ बसे लोगों को हटाने की कार्यवाही में जुट गया है। जिसके बाद क्षेत्रवासियों में हड़कंप मचा हुआ है। इस मामले के चलते तराई की राजनीति भी गरमाई हुई है और क्षेत्रवासियों के पक्ष में राजनेता जुटना शुरू हो गए हैं। किच्छा विधायक राजेश शुक्ला द्वारा समय-समय पर क्षेत्रवासियों से वार्ता की जा रही है।
इसी संबंध में उन्होंने आज सांसद अजय भट्ट को नगला में लाकर जनता की समस्याओं से अवगत कराया है। वहीं, मौके पर पहुंचे सांसद अजय भट्ट ने क्षेत्रवासियों को आश्वासन दिया है कि जन भावनाओं के अनुरूप सरकार काम करेगी। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट के आदेशों की अवहेलना किए बिना जनता का पक्ष सरकार और हाईकोर्ट के समक्ष रखा जाएगा। मुख्यमंत्री से वार्ता कर विनियमितीकरण करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। ताकि लोगों को उजड़ने से बचाया जा सके।
किच्छा विधायक राजेश शुक्ला ने बताया कि जनता का हित सर्वोपरि है और सरकार जनता के पक्ष में है। साथ ही हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए विधिक प्रक्रिया के तहत लोगों को उजड़ने से बचाए जाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह अपने नेतृत्व में क्षेत्रवासियों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे, जिससे जनता का पक्ष मुख्यमंत्री के समक्ष भी रखा जा सके, उन्होंने आश्वस्त किया है कि लोगों को उजड़ने नहीं दिया जाएगा।