भगवानपुर- भाजपा की परिवर्तन यात्रा के दूसरे चरण की भगवानपुर में आयोजित जनसभा में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सूबे की कांग्रेस सरकार पर जम कर प्रहार किए। राजनाथ सिंह परिवर्तन यात्रा के दौरान सूबे की हरीश सरकार पर ्प्रहार करते हुए कहा कि रावत सरकार की गलत नीतियों के कारण आज उत्तराखंड के 15 लाख नौजवान पलायन को मजबूर हो गए हैं। उन्होंने कहा उत्तराखंड सीमान्त राज्य है लिहाजा पलायन चिंताजनक समस्या है। अपने संबोधन में नोटबंदी के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए राजनाथ ने जनता को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। वहीं राजनाथ सिंह ने अटल बिहारी बाजपेयी की सरकार के कामकाज को याद करते हुए कहा कि उन्होंने मंहगाई पर अंकुश लगाया था। परिवर्तन रैली में राजनाथ सिंह ने केंद्र की तमाम योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जो योजना केंद्र सरकार राज्य के हित के लिए बना रही है उसका सार्थक परिणाम जल्द ही सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य का विकास और बुलंद तब होगा जब उत्तराखंड में भी भाजपा की सरकार होगी। भगवानपुर में भाजपा की परिवर्तन यात्रा में जो भीड़ जुटी उससे भाजपा गदगद दिखी। इस दौरान कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए सुबोध राकेश ने अपनी पूरी ताकत दिखाई और भाजपा आलाकमान को अपने बारे में सोचने का भी मौका दिया। सुबोध राकेश ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह को एक गदा भेंट की।