देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने उत्तराखण्ड में फिर आई आपदा में राज्य के मुख्यमंत्री व् कांग्रेस के नेताओं की आलोचना करते हुए कहा कि एक ओर ये लोग शिष्टाचार को भी भूल कर केन्द्र सरकार व् भाजपा के केंद्रीय नेताओं पर आधारहीन आरोप लगाते रहते है और मुश्किल आने पर मदद मांगने दिल्ली दौड़ने लगते हैं। वहीं अजय भट्ट ने केंद्र सरकार द्वारा तत्काल उत्तराखंड को सहायता पहुँचाने के लिये प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।
अजय भट्ट ने कहा कि अतिवृष्टि के कारण उत्तराखंड एक बार फिर भयानक आपदा का शिकार है। इन हालात में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी , केंद्रीय गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने जिस प्रकार स्वयं आगे बढ़ कर उत्तराखंड को मदद दी है वह उनकी व केंद्र की भाजपा सरकार की सदाशयता है। केंद्र सरकार द्वारा राज्य में मौजूद केंद्रीय एजेंसियों को तुरंत सक्रिय करने के अलावा एन डी आर ऍफ़ की अतिरिक्त टीमों को रवाना कर दिया गया। साथ ही चार टीमें रिज़र्व रखी गई है। केंद्र सरकार राज्य के लगातार संपर्क में है व् इनके अलावा अतिरिक्त सहायता मांगे जाने पर और सहायता देने के लिये तत्पर है। उत्तराखण्ड की जनता व भाजपा उत्तराखण्ड उनकी हार्दिक आभारी है। इससे पहले भी हर आपदा के समय केंद्र की भाजपा सरकार ने आगे बढ़ कर मदद की है चाहें इसी साल वनो में लगी आग हो या केदारनाथ का मामला हो।
उन्होंने कांग्रेस के मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत व दूसरे नेताओं की आलोचना करते हुए कहा कि इनमे कोई सदाशयता नहीं है। एक ओर ये केंद्र की आधारहीन आलोचना करते हुए आरोप लगाते रहते है और मुश्किल पड़ने पर चेहरे बदल कर दिल्ली दौड़ जाते है और केन्द्र से मदद की गुहार करने लगते हैं। इसके अलावा ये आपदा के पैसे में भी घपला करने से बाज नहीं आते। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर भाजपा के नेता बड़े कद और बड़ी सोच के है इसलिए वे जनहित के समय राजनीति नहीं करते अपितु स्वयं आगे बढ़ कर मदद करते हैं।