देहरादून: थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में एक व्यक्ति जल निगम की ओर से पेयजल लाइन के लिए खोदे गड्ढे में गिर गया। जिससे उसके हाथ की मांस पेशियां फट गईं और पैर का अंगूठा फ्रैक्चर हो गया। पीड़ित ने इसके लिए जल निगम को दोषी ठहराते हुए निगम के एई, जेई, सुपरवाइजर और ठेकेदार के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पेयजल निगम की ओर से कारगी क्षेत्र के कुंज विहार में पेयजल लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए निगम की ओर से वहां गड्ढे खोद रखे हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार को कारगी चौक स्थित कुंज विहार में प्रशांत सिंह के घर के आगे भी निगम की ओर से गड्ढा खोदा गया। 1गुरुवार को प्रशांत गड्ढे में गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित के मुताबिक गिरने से उनके हाथ की मांसपेशियां फट गईं और पैर का अंगूठा फ्रैक्चर हो गया है। उन्होंने कहा कि यह सब जल निगम की लापरवाही से हुआ है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित ने जल निगम के एई, जेई, सुपरवाइजर और ठेकेदार के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। जिसके आधार पर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसओ नेहरू कॉलोनी राजेश शाह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।