रुड़की। समाजवादी पार्टी की साईकिल उत्तराखंड में पंचर होती नजर आ रही है। देखने वालों को रुड़की में मुलायम संदेश यात्रा को देखकर यही लगा। दरअसल उत्तराखंड में आजकल मुलायम संदेश यात्रा निकाली जा रही है। सपा की कोशिश है कि इसके सहारे आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपना जनाधार बनाया जाए। चूंकि बसपा के पास उत्तराखंड में विधानसभा की दो सीटें हैं लिहाजा सपा भी पीछे नहीं रहना चाहती है। यही सोच कर राज्य में मुलायम संदेश यात्रा शुरू की गई है। सोमवार को सपा प्रदेश अध्यक्ष सत्य नारायण सचान इस यात्रा को रुड़की से हरी झंडी दिखाकर रवाना करने वाले थे। यात्रा का समय सुबह दस बजे के करीब रखा गया था। लेकिन यात्रा से पहले ही सपा कार्यकर्ताओं में अलग अलग वजहों से नाराजगी फैल गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं से नाराज होकर जाने लगे। हालात ये भी हुए कार्यकर्ताओं को मनाने में यात्रा दो घंटे लेट हो गई। धीरे धीरे हालात और खराब हुए तो प्रदेश अध्यक्ष भी निकल गए। इसके बाद सपा के कुछ पुराने कार्यकर्ताओं ने मोर्चा संभाला और यात्रा को रवाना किया।