गौलापार में यूथ मुए थाई चैंपियनशिप-2026 का आगाज, एक मंच पर कई राज्यों के खिलाड़ी

नैनीताल के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित नेशनल यूथ मुए थाई चैंपियनशिप-2026 का सोमवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ने औपचारिक उद्घाटन किया। 1 जून से 4 जून तक आयोजित हो रही इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 26 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 900 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
26 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों के 900 खिलाड़ी ले रहे प्रतियोगिता में हिस्सा
खेल मंत्री रेखा आर्या ने इस अवसर पर कहा कि उत्तराखंड अब राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बनकर उभर रहा है। प्रदेश में विकसित हो रहे आधुनिक खेल ढांचे और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के कारण देशभर के खिलाड़ी यहां अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
मानसिक दृढ़ता का उत्कृष्ट माध्यम है मुए थाई
खेल मंत्री ने कहा कि मुए थाई केवल एक खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक दक्षता और मानसिक दृढ़ता का उत्कृष्ट माध्यम है। इस खेल में युवाओं की बढ़ती भागीदारी इस बात का संकेत है कि नई पीढ़ी फिटनेस और प्रतिस्पर्धात्मक खेलों के प्रति गंभीरता से आगे बढ़ रही है।
मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं, जिनका सकारात्मक परिणाम अब देखने को मिल रहा है।
खिलाड़ियों को मिल रहा प्रतिभा निखारने का मंच
रेखा आर्या ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच प्रदान करती हैं। साथ ही विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान भी होता है, जिससे खेलों का स्तर और अधिक ऊंचा होता है।