बाजपुर: बाजपुर क्षेत्र में युवक और उसके साथियों ने नाबालिक के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसका वीडियो बनाया और उसे वायरल कर दिया। एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी है कि कुछ युवकों ने उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया है। बताया जा रहा है कि युवक किशोरी को धान की रोपाई के लिए दिहाड़ी पर काम करने ले गया था। पुलिस ने आरोपी पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 26 जून को एक गांव की किशोरी को इसी गांव का एक युवक धान की रोपाई कराने के लिए दिहाड़ी पर लेकर गया था। आरोपी ने गन्ने के खेत में ले जाकर किशोरी से दुष्कर्म किया। इस दौरान पहुंचे आरोपी के चार साथियों ने किशोरी का वीडियो बनाया। दो जुलाई को आरोपी युवक ने किशोरी को फिर बुलाया, लेकिन किशोरी के मना करने पर आरोपी ने वीडियो को वायरल कर दिया।
किशोरी ने युवकों से वीडियो न बनाने की गुहार भी लगाई थी। लेकिन आरोपियों ने किशोरी को डरा धमकाकर वीडियो बनाई। वीडियो वायरल होने पर पीड़िता के पिता ने आरोपी युवक के पिता से जाकर शिकायत की। जिस पर आरोपी के पिता ने कुछ धनराशि देने और कहीं जाकर बेटी का निकाह करने की धमकी देकर पीड़िता के पिता को भगा दिया।
शुक्रवार को पीड़िता के पिता ने गांव के कुछ लोगों को साथ ले जाकर कोतवाली में तहरीर दी। आरोपी भी नाबालिग बताया जा रहा है। आरोपी की उम्र तस्दीक की जा रही है। सीओ दीपशिखा अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। एक व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर देकर एक युवक और उसके साथियों पर नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म कर वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया।