संवाददाता। कांग्रेस के कद्दावर नेता और पार्टी के भीतर बड़े चेहरे माने जाने वाले यशपाल आर्य भाजपा में शामिल हो गए हैं। यशपाल आर्य ने अपने बेटे संजीव आर्य के साथ ने दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। इस मौके पर भाजपा प्रदेश प्रभारी श्यम जाजू, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा समेत भाजपा के कई नेता मौजूद रहे। इस दौरान यशपाल आर्य ने कहा कि उन्होंने दुखी मन से कांग्रेस का दामन छोड़ा है। उन्होंने कहा है कि मैं 41 साल से कांग्रेस के लिए काम करता रहा। लेकिन अब मेरी पार्टी के भीतर उपेक्षा होने लगी। वहीं प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि यशपाल आर्य और उनके बेटे ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर कांग्रेस को एक बड़ा झटका दिया है। माना जा रहा है कि बेटे का टिकट पक्का न होने से यशपाल आर्य ने पुत्र मोह के चलते कांग्रेस छोड़ी है।