श्रमिकों के वेतन बढ़ोतरी को लेकर अपडेट!, ₹781 प्रतिदिन वेतन पर श्रम विभाग की सफाई

उत्तराखंड में श्रमिकों के वेतन बढ़ोतरी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। श्रम विभाग ने न्यूनतम वेतन को लेकर चल रही वेतन बढ़ोतरी की चर्चाओं का खंडन किया है। श्रम आयुक्त पी.सी. डुम्का ने ये साफ किया कि वेतन बढ़ोतरी का कोई भी आदेश जारी नहीं किया गया है। ऐसे में ‘सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक खबरों से सावधान रहने की सलाह दी गई है।
₹781 दैनिक वेतन दिए जाने पर श्रम विभाग की सफाई
श्रम विभाग ने कहा कि श्रमिकों के हितों के लिए राज्य सरकार काफी संवेदनशील है। प्रदेश में इंजीनियरिंग और गैर-इंजीनियरिंग उद्योगों के लिए न्यूनतम वेतन पहले ही घोषित किया जा चुका है। नवंबर में ही वी.डी.ए. भी जारी कर दिया गया था।
उत्तराखंड में पहले से ही पड़ोसी राज्यों से ज्यादा वेतन
दरअसल श्रम आयुक्त की तरफ से जारी जानकारी में बताया गया कि उत्तराखंड में पड़ोसी राज्यों की तुलना में ज्यादा न्यूनतम वेतन निर्धारित है। उत्तराखंड में अकुशल श्रमिकों के लिए ₹13,800, अर्द्धकुशल के लिए ₹15,100 और कुशल श्रमिकों के लिए ₹16,900 का मासिस वेतन तय किया गया है।
भ्रामक खबरों से सावधान रहने की अपील
विभाग ने साफ किया कि प्रधानमंत्री कार्यालय या किसी अन्य सक्षम प्राधिकारी की तरफ से ₹781 प्रतिदिन न्यूनतम वेतन लागू करने का कोई ऐलान नहीं किया गया है। श्रम विभाग ने श्रमिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।