यूपी के हापुड़ से मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली एक खबर सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने को आग के हवाले कर दिया। महिला बार बार बलात्कार किए जाने से परेशान हो गई थी लिहाजा उसने अपने शरीर को ही आग लगा दी। उसका हाल चाल लेने गए एक संवाददाता से उसने कहा, अब पूरी तरह जल चुकी हूं तो कोई रेप तो नहीं करेगा। तकरीबन 23 साल की इस महिला की शादी इसके माता पिता ने काफी कम उम्र में 2009 में ही कर दी थी। उम्र में बड़े इस महिला के पहले पति के साथ हुई शादी अधिक दिन नहीं चली और तलाक हो गया। बाद में महिला के पिता ने महिला को 10 हजार रुपए में एक अन्य शख्स को बेच दिया।
दूसरे पति ने महिला को कई अलग अलग लोगों से रेप करवाया और कई बार गैंगरेप भी हुआ। महिला को बार बार जान से मारने की धमकी भी दी गई।
महिला ने कई बार पुलिस को इस बारे में शिकायत की। पिछले पांच सालों में उसने कई बार पुलिस को अपनी तहरीर दी लेकिन पुलिस ने एक बार भी मुकदमा दर्ज नहीं किया। महिला को हर बार पुलिस ने जांच का हवाला देकर टाल दिया।
इसी बात से परेशान महिला ने आखिरकार खुद को आग लगा ली। महिला अस्सी फीसदी तक जल चुकी है। अब इस घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई की बात कही है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि वो पिछले पांच सालों में हुए ऐसी घटनाओं की जांच कर रहे हैं। शिकायत में जिन आरोपियों का नाम लिया गया है उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस मसले पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखकर कार्रवाई करने की मांग की है।
हालांकि इस घटना के सामने आने के बाद यूपी की कानून व्यवस्था पर फिर एक बार सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस की कार्यप्रणाली में जिस सुधार के दावे किए जाते रहें हैं वो दावे फिर खोखले साबित हुए।