AlmoraBig News

मुंबई में मिली महिला निकली अल्मोड़ा की हेमा देवी, इंटरनेट पर वीडियो देख सीएम ने लिया था संज्ञान

ALMORA HEMA DEVI VIRAL VIDEOइंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई एक बुजुर्ग महिला की वीडियो का संज्ञान लेते हुए आखिरकार अल्मोड़ा पुलिस ने उसे तलाश निकाला है। महिला को उसके घर तक पहुंचाने में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बेहद अहम भूमिका निभाई।

दरअसल हाल ही में इंटरनेट मीडिया पर एक बुजुर्ग महिला का वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो में वो महिला खुद को अल्मोड़ा के रानीखेत का बता रहीं थीं। ये वीडियो सीएम धामी तक पहुंचा। सीएम ने अल्मोड़ा पुलिस को इस महिला की तलाश करने के लिए कहा।

इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने महिला की तलाश शुरु की। महिला के मुंबई में होने का पता चला। पुलिस ने महिला तक पहुंच बनाई और एक टीम बुजुर्ग महिला को लेने मुंबई निकल गई। वहीं अब अल्मोड़ा पुलिस ने इस बुजुर्ग महिला को अपने साथ ले लिया है।

बुजुर्ग महिला की पहचान हेमा देवी निवासी ग्राम कोटियाग तहसील भिकियासैण जिला अल्मोड़ा के तौर पर हुई है। वह मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं तथा पिछले 5-6 महीने से लापता हैं। उनकी गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई गई है।

अब इनका मेडिकल चेकअप कराकर लाया जा रहा है। बुजुर्ग महिला के मिल जानें पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुलिस टीम को बधाई दी है।

Back to top button