रुद्रप्रयाग- केदारनाथ में आने वाले श्रद्धालुओं को प्रशासन ने बड़ी राहत देते हुए एक ऐसे कंबल देने जा रही है जो यात्रियों को कड़ाके की ठंड से बचाएगा. जैसा की सब जानते हैं कि केदारनाथ में हल्की बारिश से ही तापमान गिर जाता है और शून्य से नीचे तापमान चला जाता है जो कि आम बात है. ऐसे में यात्रियों के लिए ये कंबल किसी वरदान से कम नहीं होगा. इसी को ध्यान में रखते हुए केदारनाथ समेत गौरीकुंड, जंगलचट्टी, भीमबली, छोटी व बड़ी लिनचोली व बेस कैंप केदारनाथ में प्रशासन की ओर से इलेक्ट्रिक कंबल भेजे जा रहे हैं।
पुलिस-प्रशासन की ओर से छाता भी उपलब्ध कराया जा रहा
यह कंबल केदारपुरी के साथ ही पैदल मार्ग के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में रखे जाएंगे। ताकि ठंड लगने पर यात्री को तत्काल यह कंबल ओढ़ाकर उसके शरीर के तापमान को नियंत्रित किया जा सके। वहीं, बारिश व बर्फबारी होने पर भीगने से यात्री की तबीयत न बिगड़े, इसके लिए यात्रियों को पुलिस-प्रशासन की ओर से छाता भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
ठंड लगने से हार्ट अटैक आने की आशंका बढ़ जाती है
जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि केदारनाथ में अक्सर मौसम प्रतिकूल रहता है। खासकर बरसात के मौसम में तो यात्रियों को तमाम दिक्कतें झेलने पड़ती हैं। ऐसे में ठंड लगने से हार्ट अटैक आने की आशंका बढ़ जाती है। बताया कि मई अंतिम सप्ताह तक यह कंबल सभी स्वास्थ्य केंद्रों में भेज दिए जाएंगे।
मुख्य चिकित्साधिकारी एसके झा ने बताया कि सबसे पहले सौ इलेक्ट्रिक कंबल भेजे जा रहे हैं। इसके बाद जरूरत के हिसाब से कंबल भेजे जाएंगे। अच्छी बात यह है कि इस वर्ष दर्शनों को आ रहे यात्रियों की हार्ट अटैक से मौत का आंकड़ा बीते वर्ष की तुलना में कम है। फिर भी विभाग का प्रयास इसे न्यून करने का है। इसके लिए सभी संभव प्रयास किए जा रहे हैं।