देहरादून : दो हफ्ते धूप की सेक लेने के बाद एक बार फिर से लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है। जी हां दो हफ्ते बाद एक बार फिर से मौसम ने करवट ली। सूर्य बादलों के पीछे छुप गए जिससे लोगों को धूप नसीब नहीं हुई।
आज देहरादून समेत कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। गढ़वाल मंडल के आसमान में बादलों ने डेला डाल लिया तो वहीं कुमाऊं मंडल में अधिकांश जिलों में सुबह से ही धूप खिली रही। मौसम विभाग के अनुसार मौसम के बदलते मिजाज से बढ़ रहे तापमान पर कुछ रोक लगेगी। साथ ही हल्की बारिश की भी संभावना है। देहरादून, ऋषिकेष, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पौड़ी, टिहरी में सुबह से ही बादल छाए रहे। वहीं, कुमाऊं मंडल में नैनीताल, चंपावत, रामनगर, रुद्रपुर सहित अधिकांश स्थानों पर सुबह कोहरे के बाद धूप खिल गई।
वहीं एक बार फिर से मौसम विभाग ने कई जिलों में बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश होने की आशंका है जिससे एक बार फिर से ठिठुरन बढ़ सकती है। जानकारी मिली है कि उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में हल्की बारिश की संभावना है। इन जिलों में गुरुवार को भी गरज के साथ बारिश हो सकती है तो वहीं शुक्रवार को भी प्रदेश के अधिकांश इलाकों में झमाझम बारिश और 3000 फीट से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार बन रहे हैं।