रुड़की: भगवानपुर में खूनी संघर्ष का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसके बारे में सुनकर आप चौंक जाएंगे। यहां दो पक्षों में सिर्फ इसलिए खूनी संघर्ष हो गया कि गाय के बछड़े ने हरा धनिया खा लिया था। दोनों पक्षों के बीच हुए इस खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
भगवानपुर थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल ने बताया कि मृतक ईश्वर सैनी मूल रूप से यूपी के जिला सहारनपुर के रामपुर मनिहारान निवासी हैं। जानकारी के अनुसार रात करीब नौ बजे ईश्वर सैनी के पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति की गाय का बछड़ा उनके अहाते में आ गया। उसने वहां बोई हरी धनिया को खा लिया। इस पर उन्होंने बछड़े को दो डंडे मार दिए।
जिसका बछड़े के मालिक ने विरोध किया। फिर क्या था इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इस बीच ईश्वर सैनी को गंभीर चोटें आ गई, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि अब तक पुलिस को किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।