Char Dham Yatra 2026Big News

RTI से बड़ा खुलासा: केदारनाथ-बदरीनाथ के चढ़ावे से VIP मेहमाननवाजी, BKTC पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) में भ्रष्टाचार को उजागर करने में लगे अधिवक्ता विकेश सिंह नेगी ने सूचना के अधिकार से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर आज नया खुलासा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीकेटीसी ने विगत यात्राकाल में तमाम अनाधिकृत व्यक्तियों के आवास, भोजन और हेलीकॉप्टर टिकट पर लाखों रुपए खर्च कर दिए।

दान-चढ़ावे के पैसे किए गणेश जोशी की बेटी नेहा पर खर्च

अधिवक्ता विकेश सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि बीकेटीसी प्रबंधन श्रद्धालुओं के दान-चढ़ावे के धन को अपने राजनीतिक प्रबंधन में उड़ाने में लगा हुआ है। भाजपा व आरएसएस नेताओं को खुश करने के लिए अनाधिकृत तरीके से उन्हें अतिथि दिखा कर आवास-भोजन की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की बेटी नेहा जोशी विगत वर्ष केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के मौके पर वहां पहुंची थी। नेहा जोशी के 30 अप्रैल से 1 मई, 2025 का दो दिन के आवास- भोजन पर BKTC ने 60 हजार रुपए खर्च कर दिए।

केदारनाथ विधायक और PM Modi के भाई पर किए हजारों रुपए खर्च

केदारनाथ की विधायक आशा नौटियाल के 37 हजार 500, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई पंकज मोदी का 22 हजार रुपए, आरएसएस नेता प्रकाश और निरंजन का 20 हजार रुपए, रुद्रप्रयाग के भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट और अन्य कार्यकर्ताओं के 24 हजार रुपए, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के निजी सहायक अजय श्रीवास्तव के 23 हजार रुपए के आवास का बिल मंदिर समिति द्वारा भरा गया।

अधिवक्ता नेगी ने बताया कि पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, बीकेटीसी के अध्यक्ष व मुख्य कार्याधिकारी के अतिथि दिखा कर कई अन्य लोगों के आवास-भोजन पर भी लाखों रुपए खर्च किए गए हैं। उन्होंने बताया कि BKTC ने बीते साल यात्राकाल के दौरान हेलीकॉप्टर टिकटों के भुगतान का जो विवरण दिया है, वो भी हैरान करने वाला है। बीकेटीसी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के अतिथियों के हेली टिकटों का भुगतान भी मंदिर कोष से किया गया। हेली किराए में भी लाखों रुपए खर्च किए गए।

विकेश नेगी ने सरकार से उठाई जांच की मांग

विकेश सिंह नेगी ने प्रदेश सरकार से बीकेटीसी में व्याप्त भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जांच की मांग की और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ व केदारनाथ धाम करोड़ों-करोड़ों सनातनियों की आस्था व श्रद्धा के केंद्र हैं। इन धामों में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

पहले भी BKTC को लेकर कर चुके हैं बड़े खुलासे

गौरतलब है कि अधिवक्ता नेगी सूचना अधिकार के माध्यम से बीते दिनों बीकेटीसी के उपाध्यक्ष विजय सिंह कप्रवाण द्वारा अपनी पत्नी को अपने साथ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दिखा कर बारह हजार और रुद्रप्रयाग में अपने घर पर कार्यालय दिखा कर पच्चीस हजार प्रतिमाह भुगतान लेने का मामला उजागर किया गया था। इसके अलावा मंदिर कोष से ग्यारह लाख केदारनाथ के तीर्थ पुरोहितों को बांटने का खुलासा भी किया था।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें