देहरादून। सतर्कता विभाग ने एक सरकारी वकील को पांच लाख रुपए नकद घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है। विजिलेंस की टीम ने सरकारी वकील को देहरादून की जिला अदालत में स्थित उसके चैंबर से ही गिरफ्तार किया। साथी की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही वकील आक्रोशित हो गए और हंगामा शुरु कर दिया। पुलिस से हुई झड़प के बाद वकीलों ने आरोपी सरकारी वकील को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक सरकारी वकील अशोक भुवन ने वेद प्रकाश नाम के व्यापारी पर चल रहे जमीन की धोखाधड़ी के मुकदमे को खत्म कराने के लिए सात लाख रुपए कि घूस मांगी थी। जमानत पर जेल से छूटे वेद प्रकाश ने इसकी शिकायत विजिलेंस से की। इसी शिकायत के आधार पर विजिलेंस ने ट्रैप लगाया और वेद को पांच लाख रुपए की नई करेंसी के साथ वकील के चैंबर में भेजा। इसी दौरान वेद से मिले रुपयों को गिनते हुए सरकारी वकील को विजिलेंस ने गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इसके बाद वकीलों के हंगामे की वजह से पुलिस को आरोपी वकील को छोड़ना पड़ गया।
वेद प्रकाश पर जमीन की धोखाधड़ी का केस चल रहा है। वेद पर सीआरपीसी की धाराओं 420, 467, 468 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। इस केस में वेद को तीन साल की सजा सुनाई गई है। फिलहाल वो जमानत पर है बाहर है। वेद प्रकाश का केस एडीजे की कोर्ट में चल रहा है। आरोपी वकील इसी केस को खत्म करने के लिए घूस की मांग कर रहा था।