रुड़की के लंढौरा में प्रसव के दौरान महिला की मौत हो गई है। बताया गया है कि प्रसव के दौरान ब्लीडिंग अधिक होने से महिला की मौत हुई है। हालांकि मृतक महिला का नवजात बच्चा सही सलामत है।
महिला ने लंढौरा में घर पर अस्पताल बना रखा है
जानकारी के अनुसार एक महिला स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर एएनएम के पद पर कार्य कर रही है। बताया गया है कि महिला ने लंढौरा में घर पर अस्पताल बना रखा है। बुधवार रात को ईंट भट्ठे पर कार्य करने वाली 30 वर्षीय महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। जिस पर महिला का पति उसे एएनएम के पास ले गया। जिस पर महिला को प्रसव के लिए भर्ती कर लिया गया। कुछ समय बाद शिशु को जन्म देने के बाद महिला की मौत हो गई।
आरोप-अधिक खून बह जाने के कारण मौत
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल संचालिका की लापरवाही से महिला का खून अधिक बह जाने से उसकी मौत हो गई। मृतक महिला कलियर क्षेत्र की रहने वाली है। अचानक मौत होने पर परिजनों ने हंगामा काटा। जिस पर अस्पताल संचालिका कमरे पर ताला लगा कर फरार हो गई। बाद में कुछ लोगों ने मृतक महिला के परिजनों को समझा बुझाकर भट्ठे पर भेज दिया। महिला की अचानक मौत होने से परिजन गहरे सदमे में है।
लोगों का कहना कि लंढौरा में छह से अधिक अस्पताल खुले हुए हैं। इनमे झोलाछाप डॉक्टर खुलेआम डिलीवरी करा रहे हैं। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी कई बार छोलचाप डॉक्टरों की लापरवाही से जच्चा और बच्चा की मौत हो चुकी है। आरोप है कि कई बार स्वास्थ्य विभाग कई बार अस्पताल सील करने की कार्रवाई भी कर चुका है। लेकिन इसके बाद भी झोलाछाप खुलेआम अस्पताल खोले बैठे हुए हैं।