देहरादून : मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने मीडिया ब्रीफिंग करते हुए जानकारी दी कि प्रदेश में कोविड-19 के एक्टीव केस 17 ही रह गए हैं। आज 6 कोरोना संक्रमित व्यक्ति ठीक हो गए हैं। राज्य में कोरोना के मामले, दोगुना होने की दर में लगातार सुधार हो रहा है। अब यह दर बढ़कर 96 दिन हो गई है।
कोविड-19 में रिकवरी रेट 74 प्रतिशत-मुख्य सचिव
मुख्य सचिव ने जानकारी दी कि राज्य में कोविड-19 में रिकवरी रेट 74 प्रतिशत है। प्रदेश में एक समय कंटेनमेंट जोन 21 हो गए थे जो कि अब घटकर 07 रह गए हैं। इनमें 5 देहरादून, 01 हरिद्वार और 01 ऊधमसिंहनगर में हैं। इस प्रकार राज्य में कोविड-19 को नियंत्रित करने के प्रयास सफल हो रहे हैं।
अन्य राज्यों से आज दोपहर तक 18156 प्रवासियों को वापस लाया गया
वहीं मुख्य सचिव न जानकारी दी कि दूसरे राज्यों से उत्तराखण्ड आने के लिए 1,75,880 प्रवासियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 18156 लोगों को लाया जा चुका है। उत्तराखण्ड में फंस गए दूसरे राज्यों के 20 हजार लोगों ने वापस अपने राज्य जाने के लिए पंजीकरण कराया है, इनमें से 4780 को भेज दिया गया है। 03 दिनों में गुड़गांव से 8700 लोगों को लाने के प्लान पर काम किया जा रहा है। अहमदाबाद, सूरत, पुणे के साथ ही केरल से भी प्रवासी लोगों को लाने के लिए ट्रेन के बारे में रेल मंत्रालय और संबंधित राज्य सरकारों से बात हुई है। कंट्रोल रूम के कॉल सेंटर में 45 हजार से अधिक कॉल रिसीव की गई हैं।
मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना
मुख्य सचिव ने बताया कि जो प्रवासी उत्तराखण्ड लौट कर आ रहे हैं, राज्य सरकार को उनके रोजगार की भी चिंता है। मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना की तर्ज पर मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना को मंजूरी दी गई है। इसमें निर्माण और सेवा क्षेत्र में अपना काम करने के लिए ऋण व अनुदान की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार और भी अनेक योजनाओं पर विचार किया जा रहा है।