नैनीताल : शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपने ही बड़े भाई के परिवार पर तेजाब (एसिड) से हमला कर दिया। इसमें आठ लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में लाया गया। घायलों में से दो की नाजुक हालत को देखते हुए इन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया है। एसिट अटैक करने वाले ने बाद में खुद पर भी तेजाब डाल दिया। फिलहाल राजस्व पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अपने पर भी डाला तेजाब, दो की हालत नाजुक
मामला अल्मोड़ा मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर भैंसियाछाना ब्लऑक के पेटशाल पटवारी क्षेत्र के गांव दसौं का है. जहां एक ही परिवार के सगे भाइयों में पारिवारिक कलह चल रही थी जो इतनी बढ़ गई कि छोटे भाई ने बड़े भाई व उसके परिजनों पर तेजाब से हमला कर दिया औ वो यहीं नहीं रुका बल्कि खुद पर भी तेजाब उड़ेल लिया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सभी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। घायलों में दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल को रेफर कर दिया गया है। तेजाब डालने वाले को भी अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
दोनों भाइयों के बीच हुई झगड़ा
जानकारी के अनुसार शाम लगभग 6 बजे पटवारी क्षेत्र पेटशाल के गांव दसौं निवासी रघुनाथ सिंह व उसके बड़े भाई शेर सह से किसी बात पर झगड़ा शुरू हो गया। अचानक रघुनाथ सिंह (55) ने तेजाब से भरी रखी प्लास्टिक की कैन लाकर भाई के ऊपर उड़ेल दिया। बीच-बचाव में आई शेर सिंह की पत्नी मोहिनी देवी पर भी रघुनाथ ने तेजाब फेंक दिया।
सामने जो भी आता गया तेजाब डालता गया
इसी बीच परिवार के ही दूसरे सदस्यों ने जब चीख-पुकार सुनी तो वह बचाने दौड़े, इस पर सामने जो भी आता गया रघुनाथ सभी पर तेजाब डालता चला गया। उसने जया देवी उम्र 33 वर्ष पत्नी दीवान सिंह, नीमा देवी उम्र 21 वर्ष पत्नी गोपाल सिंह, किरन चम्याल उम्र 15 वर्ष पुत्री दीवान सिंह, हरीश चम्याल उम्र 8 वर्ष पुत्र दीवान सिंह, चांदनी चम्याल उम्र 5 वर्ष पुत्री दीवान सिंह को भी नहीं बख्शा और तेजाब डालकर बुरी तरह झुलसा दिया। सभी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें गंभीर रूप से घायल जया देवी व नीमा देवी को हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
घटना की जांच पटवारी क्षेत्र की पुलिस कर रही है। सूचना मिलने पर जिला अस्पताल में कोतवाली प्रभारी नीरज भाकुनी व नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर घायलों से पूछताछ की। इधर घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप व दहशत का माहौल बना हुआ है।