टिहरी : आपको भी ये खबर सुनकर हैरानी हो रही होगी कि आखिर आलू के खेत में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग क्यों कराई गई. दरअसल खराब मौसम के कारण सोमवार को दो हेलीकॉप्टरों की धनोल्टी क्षेत्र में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इनमें से एक हेलीकॉप्टर को आलू की खेत में उतारना पड़ा ये नजारा देख गांव के लोग हैरान रह गए और खेत की तरफ दौड़े.
गांव के लोगों ने हेलीकॉप्टर के साथ जमकर सेल्फी खींची. मौसम साफ होने पर दोनों हेलीकॉप्टर सहस्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ गए।
मिली जानकारी के अनुसार हेरिटेज एविएशन के दो हेलीकॉप्टर केदारनाथ से सहस्रधारा हेलीपैड जा रहे थे। मौसम खराब होने के कारण पायलट सहस्रधारा हेलीपैड पर लैंडिंग नहीं कर पाए। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर भी लैंडिंग की कोशिश नाकाम रही। जिसको देखते हुए पायलटों को सत्यों पुलिस चौकी क्षेत्र के हटवाल गांव और मझगांव वीरनगर में हेलीकॉप्टरों की इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। दोनों हेलीकॉप्टर करीब पांच किमी दूरी का अंतराल में उतरे।
एक हेलीकॉप्टर हटवाल गांव में शाम करीब 05:50 बजे उतरा। सहस्रधारा हेलीपैड से मौसम की सही जानकारी मिलने पर करीब 15 मिनट बाद यह हेलीकॉप्टर टेकऑफ हो गया। दूसरा हेलीकॉप्टर शाम छह बजे मझगांव में शैलेंद्र डबरियाल के आलू के खेत मे उतरा। हेलीकॉप्टर में केवल पायलट ही थे। यह हेलीकॉप्टर करीब एक घंटे तक मझगांव रुका रहा। मौसम साफ होते ही हेलीकॉप्टर ने सहस्रधारा के लिए टेकऑफ किया। दोनों ही हेलीकॉप्टरों की बाद में सहस्रधारा हेलीपैड पर सुरक्षित लैंडिंग हुई।