Dehradunhighlight

उत्तराखंड: अगले दो दिन इन जिलों में हो सकती है बारिश, जंगल की आग से मिलेगी राहत!

Breaking uttarakhand news

देहरादून: जंगलों में लगी भीषण आग को अब सरकार और वन विभाग ने नियती मान लिया है। आग बुझाने आए दो हेलीकाॅप्टर भी वापस लौट चुके हैं। सरकार पूरी तरह मौसम के भरोसे है। बारिश का इंतजार किया जा रहा है। अगर सबकुछ ठीक रहा तो बहुत जल्द बारिश हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अगले दो दिन बारिश की संभावना है।

मैदानी क्षेत्रों में भी बादल छाए रहने व कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी हो सकती है। उच्च हिमालयी क्षेत्र बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में दोपहर बाद घने बादल छाए रहे। इसके अलावा निचले इलाकों में आंशिक रूप से बादलों के कारण गर्मी से राहत महसूस की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में दो हजार मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों में घने बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है। इसके अलावा मैदानी क्षेत्रों में बादल छाए रहने के कारण तेज गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम का यह मिजाज बुधवार को बना रह सकता है। उत्तरकाशी, उत्तरकाशी चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है।

Back to top button