देहरादून : उत्तराखंड में कोरोना के साथ ठंड का कहर जारी है। ठंड के कारण शाम होते ही लोग घरों में कैद हो जा रहे हैं।तो कई जगह लोग बर्फबारी का लुत्फ उठा रहे हैं। बद्रीनाथ केदारनाथ समेत पहाड़ी जिलों में बर्फबारी के कारण मैदान में ठंड बढ़ गई है। मसूरी, धनौल्टी और लालटिब्बा में बर्फबारी के कारण देहरादून में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मसूरी में बर्फबारी होने से ठंड भी बढ़ गई है। शहर का लालटिब्बा क्षेत्र बर्फ से सफेद हो गया है। वहीं, बर्फबारी की सूचना मिलते ही सैलानी से लालटिब्बा पहुंचना शुरू हो गए हैं।
रात को लोग जगह-जगह अलाव जलाते नजर आ रहे हैं। ठंड से लोगों का हाल बेहाल है। हालांकि दिन में खिली धूप से लोगों को ठंड से राहत मिल रही है। आज मंगलवार को दिन में धूप खिली जिसने ठंड से राहत पहुंचाई। वहीं अभी इस ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। जी हां मौसम विभाग ने एक बार फिर से ठंड के प्रकोप का अलर्टजारी किया है।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार मंगलवार को पहाड़ से लेकर मैदान तक शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा। विशेषकर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में कोल्ड डे कंडीशन रह सकती है। इसके साथ ही मैदानों में सुबह और शाम घना कोहरा भी छाया रहेगा।