
नैनीताल: विवादों के चैंपियन भाजपा से निष्कासित खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को हाईकोर्ट से करारा झटका लगा है। चैंपिनयन ने हाईकोर्ट में उनकी वाई श्रेणी की सुरक्षा हटाये जाने को लेकर याचिका दायर की थी, जिसमें उन्होंने सुरक्षा जारी रखने की मांग की थी।
चैंपियन को सुरक्षा हटाए जाने और असलहों के लाइसेंस निरस्त किये जाने के दोनों ही मामलों में हाईकोर्ट से राहत नहीं मिल पाई है। कोर्ट ने चैंपियन को एसएसपी हरिद्वार को प्रत्यावेदन देने और एसएसपी को इसे एक सप्ताह में निस्तारित करने के निर्देश दिए हैं। विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की सुरक्षा हटाने के खिलाफ दायर याचिका पर न्यायमूर्ति आलोक सिंह और न्यायमूर्ति रविंद्र मैठाणी की खंडपीठ ने अपरिहार्य कारण से सुनवाई से इनकार कर दिया था।
उन्होंने मामला अन्य बेंच को रेफर कर दिया था। चैंपियन ने 25 साल से मिली वाई प्लस सुरक्षा हटाने को चुनौती दी थी। खानपुर के विधायक कुंवर प्रवण चैंपियन ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी कि उन्हें भाजपा से बाहर करने के बाद उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई है और उनके असलहे के लाइसेंस भी रद्द कर दिए गए हैं। चैंपियन की मुश्किलें विवादों के बाद लगातार बढ़ती जा रही हैं।