देहरादून: टीवी को कभी बुद्धू बक्सा कहा जाता था, लेकिन बदलते दौर ने बुद्धू बक्से को सबकी जरूरत बना दिया। इन दिनों देशभर में लाॅकडाउन चल रहा है। स्कूल बंद हैं। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई खासकर सरकारी स्कूलों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बच्चों की पढ़ाई की समस्या को दूर करने के लिए उत्तराखंड शिक्षा विभाग अब दूरदर्शन के जरिये बच्चों को पढ़ाने की तैयारी में है। हालांकि अब तक यह तय नहीं हो पाया है कि प्रसारण कब से होगा। बाकायदा जानकारी जारी की गई कि 24 अप्रैल से दूरदर्शन पर प्रसारण होगा, लेकिन इस बात की जानकारी दूरदर्शन के अधिकारियों को ही नहीं दी गई थी।
शिक्षा विभाग ने तय कर दी प्रसारण की डेट
शिक्षा विभाग की ओर से जारी सूचना में कहा गया था कि कोविड-19 के कारण कक्षा 9, 10 और 12 के छात्र-छात्राओं के शिक्षण को ध्यान में रखते हुए इस अवधि में कुछ विषयों भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित और अंग्रेजी से संबंधित व्याख्यान का प्रसारण दूरदर्शन के सहयोग से 24 अप्रैल से किया जाएगा। इसमें प्रसारण की जानकारी भी दी गई थी।
DD के अधिकारियों को नहीं दी जानकारी
शिक्षा विभाग के अनुसार प्रसारण सुबह 10ः00 बजे से 11ः30 बजे तक किया जाए। इस संबंध में जब दूरदर्शन केंद्र देहरानदू के अधिकारियों से बात की गई तो पता चला कि अब तक दूरदर्शन उत्तराखंड के साथ किसी तरह का कोई आधिकारिक करार भी नहीं हुआ है। निदेशक डाॅ. सुभाष थलेड़ी ने बताया कि उनसे इस संबंध में अब तक कोई बात नहीं हुई है। किसी तरह का एमओयू भी साइन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि अभी डीडी उत्तराखंड के साथ शिक्षा विभाग का MOU नहीं हुआ है, जिस पर विचार किया जा रहा है। इसके बारे में दूरदर्शन महानिदेशालय से भी स्वीकृति ली जाएगी। उनका कहना है कि सिंद्धांततः दूरदर्शन अवश्य ही इस विपदा में प्रदेश के विद्यार्थियों का साथ देगा और इसके लिए तैयार भी है।
अधूरी तैयारी
शिक्षा विभाग दूरदर्शन पर बच्चों के लिए पढ़ाई की तैयारी तो कर रहा है, लेकिन अधूरी तैयारी के साथ। दरअसल, अब तक दूरदर्शन उत्तराखंड का प्रसारण केवल फ्री-डिश पर किया जा रहा है। जबकि कई क्षेत्रों में पेड डिश भी काम करते हैं। केबल ऑपरेटर भी दूरदर्शन उत्तराखंड का प्रसारण ज्यादातर इलाकों में नहीं कर रहे हैं। अब तक यह भी जानकारी नहीं है कि किसी चैनल नंबर पर प्रसारण किया जाना है। इन तैयारियों के बगैर प्रसारण करने से लोगों को सही जानकारी ही नहीं मिल पाएगी।