चमोली: उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने शीतलहर के अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की चेतवानी जारी की है। शीतलहर का असर नजर भी आ रहा है। मैदानी इलाकों में जहां कोहरा लोगों के लिए दिक्कतें पैदा कर रहा है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में पाला बड़ी परेशानी बना हुआ है।
उसका नतीजा यह है कि जोशीमठ के आसपास के क्षेत्रों में पड़ रही कड़ाके की ठंड के कारण जगह-जगह पानी जम रहा है। सुराईकोटा गांव में पेड़ों पर ही पाला जमने लगा है। गदेरे और झरने भी पूरी तरह से जम गए हैं। चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में सुबह-शाम को तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है। रात के वक्त तापमान माइनस 5 डिग्री तक पहुंच रहा है।
मैदानी इलाकों में शीत लहर चलने के साथ ही कोल्ड डे कंडीशन रह सकती है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, शीत लहर लंबी अवधि तक नहीं चलती जबकि शीत दिवस का प्रभाव लंबे समय तक रह सकता है। शनिवार को मैदानी क्षेत्रों में कोहरा और पहाड़ी क्षेत्रों में पाला बढ़ सकता है। रविवार से मौसम में कुछ सुधार हो सकता है।