कोटद्वार: नैनीताल हाईकोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम कोटद्वार में अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू हो गया है। समाजिक कार्यकर्ता और उत्तराखंड विकास पार्टी के अध्यक्ष मुजीब नैथानी ने अतिक्रमण का मुद्दा उठाया था। नगर निगम ने प्रशासन के सहयोग से निगम की नजूल भूमि और राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे फुटपाथ खाली करने का काम शुरू कर दिया। इस दौरान अतिक्रमण पर जेसीबी चलाई गई। व्यापारियों ने नगर निगम की कार्रावाई का विरोध किया।
18 नवंबर को उच्च न्यायालय की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही नगर निगम की नजूल भूमि से अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी हुए थे। आदेश मिलने के बाद नगर निगम ने अतिक्रमणकारियों की फाइलें खंगालना शुरू कर दिया। नगर निगम की ओर से क्षेत्र में 137 अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं।
नगर निगम की ओर से कहा जा रहा है कि यदि अतिक्रमणकारी की ओर से स्वयं अतिक्रमण न हटाया गया तो नगर निगम प्रशासन अतिक्रमण हटाएगा। इस दौरान जो भी व्यय होगा, उसे अतिक्रमणकारी से ही वसूला जाएगा। आज सुबह प्रशासन नगर निगम व पुलिस की टीमें मालवीय उद्यान में एकत्र हुई है। एसडीएम योगेश मेहरा की ओर से सभी अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने के संबंध में जरूरी दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं।