देहरादून: राजधानी देहरादून में एक लड़की की लाश फंदे से लटकी मिली। वो पिछले 10 साल से एक परिवार के साथ रह रही थी। उसका परिवार कहां रहता है, उसकी किसी को जानकारी नहीं है। उसके परिजनों की तलाश के लिए अब पुलिस विज्ञापन का सहारा ले रही है। उम्र की जानकारी भी नहीं है।
पुलिस के अनुसार लड़की रायपुर क्षेत्र निवासी एक इंश्योरेंस एजेंट के परिवार के साथ रहती थी। वह उनके फ्लैट में बीती तीन नवंबर को फंदे पर लटकी मिली थी। इसके बाद उसे मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने रविवार देर शाम दम तोड़ दिया। मामले में बाल आयोग को एक गोपनीय पत्र मिला था, जिसमें लड़की के साथ दुष्कर्म और प्रताड़ना की बात कही गई है। पुलिस शुरुआती जांच के आधार पर इस तरह की बात से इनकार कर रही है। लड़की के बारे में केवल इतनी जानकारी मिली है कि वह मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी। इंश्योरेंस एजेंट का परिवार लड़की की उम्र लगभग 21 साल बताई जा रही है।
असल उम्र के बारे में जानकारी नहीं है। एसओ दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि उसकी उम्र का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक परीक्षण कराया जाएगा। साथ ही डीएनए के लिए सैंपलिंग भी कर ली गई है। पुलिस के अनुसार इंश्योरेंस एजेंट का परिवार इतना जानता है कि लड़की के पिता शहर में एक कॉलोनी के बाहर गार्ड थे। वहां पर वह भी रहा करते थे। उन्होंने अपनी बड़ी बेटी को पालने का आग्रह किया। उस वक्त लड़की की उम्र करीब 11 साल बताई गई थी। इसके बाद गार्ड का परिवार बिहार चला गया।