भीमताल : महिलाओं के साहस की कहानियां अक्सर उत्तराखंड के गांवों से आती रहती हैं। ऐसी ही एक कहानी भीमताल से भी सामने आई है। यहां एक महिला ने अपनी गाय को बचाने के लिए तेंदुए से ही दो-दो हाथ कर लिए। महिला ने गौशाला में घुसकर गाय पर हमला करने वाले तेंदुए पर टूट पड़ी। इस मुकाबले में वो घायल हो गईं। उनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ममला ग्राम पंचायत मलुवाताल के तोक देवकाधूरा का है। यहां रविवार रात 2 बजे गोशाला में तेंदुए ने गाय पर हमला कर दिया। घटना की आहट पर जागी महिला गाय को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई। इस बीच महिला घायल हो गई और तेंदुआ महिला और गाय को छोड़कर भाग गया। इलाज के बाद महिला की हालत ठीक है।
प्रधान लक्ष्मण सिंह गंगोला ने बताया कि रविवार रात दो बजे नवीन दुम्का की गोशाला में तेंदुए ने गाय पर हमला कर दिया। गाय की आवाज सुनकर नवीन दुम्का की पत्नी सरस्वती देवी जाग गई। उन्होंने गोशाला में पहुंचकर गाय को बचाने का प्रयास किया तो तेंदुए ने सरस्वती देवी पर हमला कर दिया। हल्ला मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग निकला। ग्रामीणों ने गांव में पिंजरा लगाने की मांग की है।