देहरादून: कोरोना महामारी के कारण देशभर में लाॅकडाउन चल रहा है। इसके चलते कई समारोह स्थगित हो गए हैं। लेकिन, महत्वपूर्ण कार्यों को करने के लिए ऑनलाइन का सहारा लिया जा रहा है। ऐसा ही एक अनोखा समारोह देहरादून में आयोजित हुआ। इसमें देश को 36 वनाधिकारी मिल गए। राज्य वन सेवा केंद्रीय अकादमी ने आॅनलाइन दीक्षांत समारोह के जरिए वनाधिकारियों को डिग्रियां प्रदान की।
ऑनलाइन दीक्षा समारोह में 2018-20 बैच के प्रशिक्षु वनाधिकारियों को डिग्रियां प्रदान की। कर्नाटक के चंद्रशेखर गौड़ा पाटिल को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु के तौर पर एक स्वर्ण और दो रजत पदक मिले। उन्होंने ये पदक तीन श्रेणियों में प्राप्त किए। ऑनलाइन समारोह में प्रशिक्षु वनाधिकारी और मुख्य अतिथि ऑनलाइन जुड़े। उड़ीसा की कुमारी विस्मल चिचिलिची को पारिस्थितिकी में प्रबंधन के लिए रजत पदक दिया गया।
कर्नाटक के चरणजी दास को आरसी कौशिक व पी श्रीनिवास की स्मृति में दो रजत पदक प्रदान किए गए। उड़ीसा के प्रभु दत्ता को केंद्रीय अकादमी वन सेवा संगठन पुरस्कार दिया गया। 2018-20 पासआउट बैच की 10 महिलाओं समेत कुल 36 प्रशिक्षु वनाधिकारी शामिल रहे। इनमें उड़ीसा के बीस, कर्नाटक के 13 छत्तीसगढ़ के दो और मध्य प्रदेश का एक प्रशिक्षु वनाधिकारी शामिल है।