अल्मोड़ा: भारत व अमेरिका के संयुक्त सैन्य युद्धाभ्यास के तहत शुक्रवार को अब तक के सबसे बड़े ऑपरेशन से एक दिन पहले दोनों गणतांत्रिक देशों के सैनिकों ने खेल के मैदान में पसीना बहाया। खुद को चुस्त दुरुस्त रखने के लिए कबड्डी खेल खेला जो की अमेरिकी सैनिकों को खूब भाया.
इधर गुरुवार को हवाई मार्ग से पैरा कमांडोज की सैन्य कार्रवाई के लिए पिलखोली की पहाड़ी में तैयारी पूरी कर ली गई है। भारत व अमेरिका के सैनिकों को गुरुवार को 15-गढ़वाल की अगुवाई में चल रहे युद्ध अभ्यास के बजाय खेल गतिविधियों में व्यस्त रखा गया।
चौबटिया सैन्य छावनी के एतिहासिक गरुड़ मैदान में गुरुवार को विभिन्न खेलों का आयोजन हुआ। अमेरिकी सैनिकों को भारतीय खेल कबड्डी खूब भाया। मनोरंजन के साथ ही एकाग्रता, धैर्य, तकनीक व ताकत पर आधारित इस खेल में दोनों देशों के जांबाजों ने अपनी अपनी कुशलता का परिचय दिया। भारतीय सैनिकों ने अमेरिकी साथी सैनिकों को प्रतिद्वंद्वी को मात देने, घेरने व उसे दबोचने के गुर भी बताए।