मुरादाबाद : शौहर को लेकर उसकी दो बीवियों के बीच दो साल से चल रहे विवाद की शिकायत पुलिस के पास पहुंची तो नारी उत्थान केंद्र में काउंसलिंग कर अनूठा समझौता करवाया गया है। दोनों बीवियों ने शौहर के दिन आपस में बांट लिए हैं। अब एक दिन शौहर पहली बीवी तो दूसरे दिन दूसरी बीवी के साथ रहेगा। खास बात यह है एक ही घर में दोनों बीवियां अलग अलग रहेंगी। दोनों बीवियों के लिए उनका शौहर राशन भी अलग से लेकर आएगा।
मझोला क्षेत्र में रहने वाली महिला ने एसएसपी से शिकायत कर बताया कि 2010 में उसका निकाह हुआ था। शादी के सात साल बाद तक उसके संतान नहीं हुई। संतान सुख की प्राप्ति के लिए महिला ने अपने शौहर को दूसरा निकाह करने की सलाह दी। बीवी के कहने पर शौहर ने 2017 में एक युवती से दूसरा निकाह कर लिया। आरोप है कि दूसरे निकाह के कुछ ही माह बाद दूसरी बीवी शौहर पर अपना पूरा हक जताने लगी। पहली बीवी से पति के मिलने पर पाबंदियां लगानी शुरू कर दी। विरोध करने पर घर में दोनों बीवियों के बीच मारपीट की नौबत तक आ गई।
शिकायत पुलिस तक पहुंची तो काउंसलिंग के दौरान शौहर का दूसरी बीवी को ज्यादा समय देना विवाद की वजह सामने आया। दोनों बीवियां एक दूसरे से अलग मकान में रहना चाहती थीं। जबकि पति ने अलग अलग मकान में बीवियों को रखने में असमर्थतता जताई। विवाद का निपटारा करने के लिए पुलिस ने उनको एक ही मकान में अलग अलग रहने की सलाह दे दी। इसके बाद महिलाओं ने शर्त रखी कि पति एक दिन पहली बीवी के साथ रहेगा और दूसरे दिन दूसरी बीवी के साथ। दोनों का राशन भी अलग अलग लाकर देगा। इस पर सहमति बन गई।