नीति घाटी में अल्ट्रा रन का रोमांच, 27 राज्यों के 1200 धावकों ने दिखाई दमखम

चमोली के सीमावर्ती ज़िले विशेष रूप से नीति घाटी में ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित करने के लिए एक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्चुअली इस समारोह में शामिल हुए।
सीमांत नीति घाटी में गूंजा खेल और पर्यटन का संगम
सीएम धामी ने वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत आयोजित यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा।उन्होंने कहा कि पीएम के नेतृत्व में सीमांत गांवों को “देश का पहला गांव” मानते हुए उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ जैसे आयोजन इसका जीवंत उदाहरण है।
रिवर्स माइग्रेशन को भी मिल रहा प्रोत्साहन: CM
सीएम ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज योजना के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ रिवर्स माइग्रेशन को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि नीति क्षेत्र में होम स्टे की संख्या 35 से बढ़कर 450 से अधिक हो चुकी है, जो इस क्षेत्र में पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं का प्रमाण है। सीएम ने कहा कि 11 हजार फीट की ऊंचाई पर आयोजित यह अल्ट्रा रन युवाओं के अदम्य साहस, ऊर्जा और आत्मविश्वास का प्रतीक बनकर उभरा है।
उत्तराखंड की हर सीमांत घाटी तक पहुंचेगा अभियान: CM
सीएम न कहा “नीति घाटी का यह जागरण केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों के स्वाभिमान, स्वावलंबन और नए विश्वास की नई इबारत है। उन्होंने कहा यह अभियान यहीं नहीं रुकेगा, बल्कि उत्तराखंड की हर सीमांत घाटी तक पहुंचेगा।” मुख्यमंत्री ने आयोजन की सफलता पर सभी आयोजकों, भारतीय सेना, आईटीबीपी तथा स्थानीय जनता को शुभकामनाएं दी।
27 राज्यों से आए 1200 से अधिक प्रतिभागी ले रहे हिस्सा
पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना एवं आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस आयोजन में देश के 27 राज्यों से आए 1200 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाना तथा युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
पर्यटन सचिव ने किया विजेताओं को सम्मानित
‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के अंतर्गत 5, 10, 21, 42 एवं 75 किलोमीटर की विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने भाग लिया। मलारी गांव में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल सहित अन्य अतिथियों ने विजेताओं को सम्मानित किया। कल 2 जून, आयोजन के अंतिम दिन में गमसाली से मलारी के बीच 30 किमी एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें 100 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे