Char Dham Yatra 2026

चारधाम हेली यात्रा पर यूकाडा की पैनी नजर, खराब मौसम में भी ICCCC से हो रही रियल टाइम मॉनिटरिंग

चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और हेली सेवाओं के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) का इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर (ICCCC) लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

खराब मौसम में भी ICCCC से हो रही रियल टाइम मॉनिटरिंग

सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट स्थित यह आधुनिक नियंत्रण केंद्र खराब मौसम के बीच भी हेलीकॉप्टर सेवाओं की हर गतिविधि पर लगातार नजर बनाए हुए है। ICCCC में नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए), भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और यूकाडा की छह सदस्यीय टीम तैनात है। यह टीम एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के साथ समन्वय स्थापित कर हेली सेवाओं को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में जुटी हुई है।

हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग और टेकऑफ पर रखी जा रही लगातार निगरानी

केंद्र से सभी हेली रूट, ट्रैकिंग डिवाइस और प्रत्येक हेली ट्रिप की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। सभी हेली रूटों पर लगाए गए पीटीजेड कैमरों के जरिए हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग और टेकऑफ पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई संभव हो सके। आईसीसीसीसी से पूरी हेली यात्रा व्यवस्था को नियंत्रित और मॉनिटर किया जा रहा है।

यूकाडा के CEO डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि चारधाम हेली यात्रा को आधुनिक तकनीक की मदद से अधिक सुरक्षित, सरल और व्यवस्थित बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डीजीसीए के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सहस्त्रधारा और सिरसी में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं, जहां DGCA और IMD के अधिकारी तैनात हैं।

हेली सेवाओं पर रखी जा रही विशेष निगरानी: CEO

डॉ. चौहान ने बताया कि प्रत्येक हेली उड़ान की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के साथ समन्वय बनाकर हर शटल सेवा को अनुमति दी जा रही है। खराब मौसम, कम विजिबिलिटी और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए हेली सेवाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

हेली टिकटिंग में नहीं मिली धोखाधड़ी की शिकायत

चारधाम यात्रा के दौरान हेली टिकट बुकिंग में अब तक किसी प्रकार की धोखाधड़ी की शिकायत सामने नहीं आई है। श्रद्धालु आधिकारिक पोर्टल (heliyatra.co.in) के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर रहे हैं। यूकाडा अधिकारियों के अनुसार अब तक हेली टिकटिंग से जुड़ी किसी भी तरह की फ्रॉड शिकायत दर्ज नहीं हुई है।

21 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने लिया हेली सेवा का लाभ

यूकाडा के आंकड़ों के मुताबिक 22 अप्रैल से अब तक 21 हजार से अधिक श्रद्धालु हेलीकॉप्टर सेवा के जरिए चारधाम यात्रा कर चुके हैं। फाटा, गुप्तकाशी और सिरसी से संचालित शटल सेवाओं के माध्यम से 17,976 यात्रियों को दर्शन कराए गए हैं, जबकि 10 मई तक चार्टर्ड सेवाओं के जरिए 3,974 श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें