रुड़की : भगवानपुर क्षेत्र में सड़क हादसे में दो फैक्ट्री कर्मी की मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को ओवरटेक करते हुए पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोर की थी बाइक सवार दोनों फैक्ट्री कर्मी हाईवे पर काफी दूर जाकर गिरे। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सिविल अस्पताल भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुलिस ने चालक को कार समेत पकड़ लिया। मृतकों के परिजनों ने आरोपी कार चालक के खिलाफ शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस केस दर्ज करने की तैयारी में है।
जानकारी के अनुसार गोविंद सिंह और बंटी निवासी सहारनपुर भगवानपुर स्थित एक फैक्ट्री में काम करते थे। दोनों एक ही बाइक पर ड्यूटी से आते जाते थे। बुधवार की रात दोनों एक बाइक पर बैठकर फैक्ट्री जा रहे थे। बाइक गोविंद चला रहा था, बंटी पीछे बैठा था। खूब्बनपुर गांव के पास बाइक को ओवरटेक करते हुए एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। कार की टक्कर से दोनों बाइक समेत हाईवे पर काफी दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।