हरिद्वार : बहादराबाद और पथरी थानाक्षेत्रों के अलग-अलग गांवों में दो ग्रामीणों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव मंगलवार की सुबह पेड़ से लटके मिले।
पथरी क्षेत्र के अधेड़ पर बैंक का कर्ज होने की चर्चाएं हैं। उसके परिजनों ने हत्या का शक भी जताया है। वहीं बहादराबाद क्षेत्र में फांसी लगाने वाला युवक मानसिक रूप से परेशान था और पिछले एक माह से लापता चल रहा था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए पड़ताल शुरू कर दी है।
पथरी के बहादरपुर जट गांव में मंगलवार की सुबह 55 वर्षीय तेजपाल पुत्र छांगा का शव आम के बगीचे में पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का शक जताया है। वहीं ग्रामीणों में चर्चाएं हैं कि बैंक से कर्ज अदायगी का तकाजा होने के बाद से तेजपाल परेशान चल रहा था। सोमवार की रात वह रस्सी लेकर घर से निकल गया था। मंगलवार की सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला।
उधर बहादराबाद के बौंगला में 23 वर्षीय रोहित कश्यप पुत्र अशोक कश्यप का शव पेड़ से लटका मिला। रोहित एक महीने से लापता चल रहा था। वह मानसिक रूप से भी परेशान चल रहा था। पुलिस दोनों मामलों की पड़ताल में जुटी है। दोनों ही आत्महत्याओं को लेकर तरह तरह की चर्चाएं ग्रामीणों में बनी हुई हैं।