काशीपुर(सोनू जैन)- आखिरकार पुलिस ने उन हमलावरों के जत्थे मे से दो लोगों को हिरासत मे ले लिया है जिनके तार खनन माफिया से जुड़े हैं। जिनकी हरकतों से इलाकाई लोग परेशान तो हैं ही पुलिस को भी वो अपने दुस्साहस से चैलेंज कर रहे हैं।
जी हां, कोसी खनन क्षेत्र के बेगमाबाद के पास मुकंदपुर में सीओ काशीपुर राजेश भट्ट के नेतृत्व छापेमारी करने गयी पुलिस टीम पर हमला करने वाले पांच नामजद हमलावरों में से पुलिस ने दो के गिरेबान पर हाथ डाल दिया है। गिरफ्तार आरोपियो में से एक का नाम दलवीर सिंह पुत्र गुरजीत सिंह है जबकि दूसरे का नाम गुरमुख सिंह पुत्र दर्शन सिंह है। आरोपी दलवीर दभौरा मुस्तकम का जबकि गुरमुख सिंह मुकंदपुर का निवासी है। बाकी सभी नामजद आरोपियों समेत अन्य दर्जन भर से ज्यादा आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस जीजान से जुट गयी है।
गौरतलब है कि, अवैध खनन के खिलाफ संयुक्त रूप से की गयी पुलिसिया कार्यवाही के दौरान खनन के धंधे में लिप्त माफिया ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया था। जिसमें पुलिस टीम के चार पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया था। अचानक की गयी ये छापामारी अभियान संयुक्त था। जिसमें काशीपुर कोतवाली, कुंडेश्वरी पुलिस चौकी, सुल्तानपुर पुलिस चौकी और आईटीआई थाना पुलिस शामिल था। अभियान के दौरान खनन माफिया अपनी ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर भाग गए थे।