कासगंज के चंदन गुप्ता हत्याकांड में लखनऊ की NIA कोर्ट आज दोषियों को सजा सुनाएगी। 6 साल 11 महीने 7 दिन के लंबे इतंजार के बाद आज सजा का ऐलान होगा। बता दें कि 26 जनवरी 2018 को यूपी कासगंज जिले में चंदन गुप्ता की तिरंगा यात्रा के दौरान हत्या हुई थी। तब से लेकर आज तक चंदन के परिजनों ने लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी।
आज मिलेगी दोषियो को सजा
बता दें कि कासगंज में चंदन गुप्ता हत्याकांड के बाद जबरदस्त तनाव फैल गया था। तोड़फोड़- आगजनी और पथराव हुआ था। इस कांड ने पूरे देश में हलचल मचा दी थी। आज इस कांड के दोषियों को सजा मिलेगी। ऐसे में कोर्ट के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
NIA स्पेशल कोर्ट के जज विवेकानंद शरण त्रिपाठी ने गुरुवार को चंदन गुप्ता हत्याकांड में 28 आरोपियों को दोषी करार दिया था। वहीं, दो आरोपियों नसीरूद्दीन औस असीम कुरैशी को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया था। चंदन के पिता सुशील गुप्ता की तरफ से कराई गई एफआईआर में 20 लोगों को नामजद किया गया था।
कुल 30 आरोपियों पर चार्जशीट लगाई थी
पुलिस ने विवेचना के बाद 11 और आरोपियों के नाम बढ़ाकर कुल 30 आरोपियों पर चार्जशीट लगाई थी। 26 अप्रैल 2018 को कासगंज पुलिस ने जांच के बाद चार्जशीट दाखिल की थी। वर्तमान में कुल 28 आरोपियों में एक आरोपी मुनाजिर रफी पहले से जेल में बंद है। मुनाजिर रफी कासगंज की वकील मोहिनी तोमर हत्याकांड में जेल में बंद है।
2018 में मारी गोली
बता दें कि 26 जनवरी साल 2018 के दिन चंदन गुप्ता को उस समय गोली मारी गई थी, जब वह तिरंगा यात्रा में शामिल था। तिरंगा यात्रा के दौरान ही दो समुदाय आमने-सामने आ गए थे। तभी विवाद हुआ और चंदन गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद कासगंज में भी हिंसा भड़क गई और पूरे यूपी में इस घटना को लेकर काफी गुस्सा देखने को मिला। चंदन के पिता और खासकर पिता ने दोषियों को सजा दिलाने के लिए लंबा संघर्ष किया।