हिमाचल : पिछले 24 घंटों के बाद भले ही बर्फबारी थम गई हो, लेकिन लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। प्रदेश में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। बीती रात (बुधवार और गुरुवार रात बारह बजे से) सर्दियों के मौसम में इस साल की सबसे ठंडी रात रही। हिमाचल के नौ स्थानों का न्यूनतम पारा माइनस में रिकॉर्ड हुआ है। राजधानी शिमला में माइनस 3.7 और केलांग में माइनस 14 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। बर्फबारी के बाद हजारों सैलानी शिमला और आसपास के क्षेत्रों में फंसे हुए हैं। सड़क संपर्क बहाल न होने के कारण सैलानी वापस नहीं लौट पा रहे हैं। सूबे में सीजन की सबसे भारी बर्फबारी के चलते सैकड़ों गांवों का संपर्क अभी भी कटा है। शिमला में विद्युत सप्लाई पूरी तरह से ठप है।