देहरादून: लाॅकडाउन के कारण लोग घरों में हैं। मजबूरन लोगों को सामान के लिए घर से बाहर निकलना पड़ता है। हालांकि सरकार ने पहले घर पर ही सामान पहुंचाने के लिए पुलिस को जरिया बनाया था, लेकिन अब सरकार ने एक ऐसा एप डेवलेप किया है, जिस पर ऑर्डर करते ही आपकी जरूरत का सामान आपके घर पहुंच जाएगा। ये ऐप प्राइवेट ई-काॅमर्स कंपनियों के एप को भी मात देगा। बिल्कुल उसी तरह काम करेगा, जैसे ऑनलाइन शाॅपिंग कंपनियों के एप काम करते हैं।
जन आपूर्ति उत्तराखंड एप नाम का ये मोबाइल एप राज्य के सभी जिलों में स्थानीय दुकानदारों के माध्यम से खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति में सहायक होगा। एप को गूगल प्ले स्टोर और एप्पल स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। इस एप को हिंदी और अंग्रेजी में ऑपरेट किया जा सकता है।
इसमें सबसे पहला ऑप्शन सिटीजन के नाम से दिया हुआ है। इसमें कोई भी व्यक्ति अपने नाम, पते, पिन कोड आदि को दर्ज कर अपने स्थानीय दुकानदार या एप में दर्ज रिटेल स्टोर पर ऑर्डर दे सकता है। इसके बाद स्टोर के वादे के अनुसार उनके पास तक सामान पहुंच जाएगा। रिटेलर इसमें खुद को रजिस्टर्ड करा सकता है।