रुद्रप्रयाग। कभी कभार पुलिस विभाग से जुड़ी ऐसी खबरें सामने आ जाती हैं जिसे देखकर यकीन ही नहीं होता कि पुलिस वाले ऐसा भी कर सकते हैं। ताजा वाक्या रुद्रप्रयाग का है। रुद्रप्रयाग में दो पुलिस वालों ने अपना खून देकर एक महिला की जान बचाई है। हां, हां, आपने बिल्कुल सही पढ़ा। पुलिस वालों ने खून देकर बीमार महिला की जान बचाई है। इन दो पुलिस वालों में से एक एसपी रुद्रप्रयाग अजय सिंह हैं जबकि दूसरे आरक्षी अभिषेक कुमार हैं।
दरअसल हुआ ये कि, रुद्रप्रयाग के एक प्राइवेट नर्सिंग होम में एक महिला को ऑपरेशन के लिए एडमिट कराया गया। लेकिन डाक्टरों ने पहले महिला को दो यूनिट खून चढ़ाने के लिए कहा। महिला के घर वाले परेशान हो गए। इसी बीच महिला को दो यूनिट ब्लड की जरूरत की खबर किसी ने पुलिसकर्मियों के लिए बनाए गए व्हाट्सग्रुप में भेज दी। बस फिर क्या था। रात में ही एसपी अजय सिंह और आरक्षी अभिषेक पहुंच गए महिला को ब्लड देने। परिवार वालों और डाक्टरों से बातचीत के बाद इन दोनों ने एक एक यूनिट खून दान किया।
इसके बाद महिला का ऑपरेशन सफलतापूर्वक हो गया। पूरे रुद्रप्रयाग ही नहीं पूरे उत्तराखंड में इन दोनों पुलिस वालों के काम की चर्चा हो रही है।