highlightUttarakhand Weather Update

बदलने वाला है मौसम, जानें आने वाले चार दिन कैसा रहेगा वेदर

प्रदेश में बीते कुछ दिनों से चटख धूप खिली हुई है। तेज धूप के कारण अब तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। रविवार को राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। कुछ इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी होने से ठंड की विदाई हो रही है।

सात साल में पहली बार फरवरी में इतना बढ़ गया तापमान

प्रदेश में सात साल में पहली बार फरवरी के महीने में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। चटख धूप से दून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान चढ़ने लगा है। रविवार को देहरादून का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। साल 2020 के बाद से प्रदेश में पहली बार 15 फरवरी से पहले ही तापमान 25 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है बदलते मौसम चक्र और जलवायु परिवर्तन के कारण इस तरह के बदलाव देखे जा रहे हैं। जिसके बाद माना जा रहा है कि ठंड की जल्द ही विदाई हो सकती है।

मंगलवार से बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में मंगलवार को मौसम एक बार फिर से करवट लेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही कहीं-कहीं पर चोटियों पर हल्के हिमपात की संभावना भी है। पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी से अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले में 3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई पर हल्की बर्फबारी होने की संभावना है।

दिन में बढ़ रहा तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ गई है। जिस कारण सतही स्तर पर हवा का रुख बदलने लगा है। मैदानी इलाकों में कोहरा छटने से दिन में पहाड़ से लेकर मैदान तक अच्छी धूप खिल रही है। बिक्रम सिंह का कहना है कि दिन में तापमान बढ़ने के साथ रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं।

Yogita Bisht

योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।
Back to top button