पौड़ी गढ़वाल- उत्तराखंड के लोगों में तेंदुओं को लेकर दहशत है. कब कहां और किसे घात लगाए बैठा है तेंदुआं किसे नहीं पता. राज्य में तेंदुओं से जुडी घटनाओं ने सरकार को बड़ी मुसीबत में डाल दिया है। जहां राज्य सरकार प्रदेश में बाघों के कुनबे के बढ़ने का जश्न मना रही है, वहीं दूसरी और प्रदेशवासी हर रोज गुलदार का निवाला बन रहे हैं। बड़े, बूढ़े, बच्चे आए दिन गुलदार का शिकार हो रहे हैं.
वहीं बड़ी संख्या में तेंदुओं की मौत भी हो रही है। कभी आपसी संघर्ष तो कभी शिकारियों का शिकार हो रहे हैं। कभी आदमखोर होने पर मारे जाते हैं, तो कभी जंगलों की आग का शिकार भी हो जाते हैं। कुल मिलाकर स्थिति चिंताजनक कही जा सकती है।
उत्तराखंड में तेंदुए की मौत से जुडा अजीबोगरीब मामला सामने आया है, पौड़ी जिले के खिर्सू विकासखंड के गहड़ गांव में लोगों ने एक तेंदुए को लाठी से पीटकर मार दिया। मीडिया रिपोर्ट की माने तो जिले के गहड़ गांव में मंगलवार सुबह एक महिला पानी के स्रोत पर कपड़े धो रही थी। इसी दौरान तेंदुए ने महिला पर हमला बोल दिया। महिला के शोर मचाने पर आस-पास काम कर रहे लोग वहां आ गए। लोगों ने लाठी से पीटकर मार डाल दिया। जिसके बाद घटना की जानकारी वन विभाग को दी गई है।