द्वाराहाट : उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय संयोजक सुशील उनियाल ने कहा कि अब तक की सरकारों को हिमालयी राज्य के हितों से कोई सरोकार नहीं रहा है। यही वजह है कि पर्वतीय प्रदेश तमाम चुनौतियों से घिरता जा रहा है। पंचेश्वर बांध को पहाड़ के लिए घातक बताते हुए उन्होंने कहा कि, निजी स्वार्थो के लिए गैरसैंण स्थायी राजधानी के मुद्दे को हाशिये पर धकेल दिया गया है। एलान किया कि जनमुद्दों पर उक्रांद नए सिरे से आंदोलन का बिगुल फूंकेगा।
पार्टी कार्यालय में सोमवार को उक्रांद युवा इकाई की अहम बैठक हुई। इसमें केंद्रीय संयोजक उनियाल उत्तराखंड में काबिज अब तक की सरकारों पर खूब बरसे। कहा कि डबल इंजन वाली सरकार के जनविरोधी फैसले उत्तराखंड का भला नहीं कर सकते। पंचेश्वर बाध के बहाने लोगों को बेसहारा करने की साजिश की जा रही है। राजधानी गैरसैंण का मुद्दा हाशिये पर छोड़ दिया गया है।
उनियाल ने कहा, जिस सोच के साथ पृथक उत्तराखंड गठन में उक्रांद ने लड़ाई लड़ी। मगर कांग्रेस व भजपा ने जनभावनाओं के उलट काम कर इसे पीछे धकेल दिया। उन्होंने जल, जंगल व जमीन के मुद्दे पर एकजुट हो कर नए सिर से संघर्ष का ऐलान किया।
नौ को हल्द्वानी में तय होगी रणनीति
उक्रांद (युवा) के केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उनियाल ने कहा कि नौ सितंबर को हल्द्वानी में सम्मेलन होगा। इसमें नई कार्यकारणी गठित की जाएगी। साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों व फैसलों के खिलाफ युवा इकाई अपने आंदोलन की भावी रणनीति भी तय करेगी।